-कंकरखेड़ा की डिफेंस एंक्लेव कॉलोनी में हुई वारदात, अस्पताल में भर्ती छात्रा की हालत गंभीर बनी
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र की पॉश कॉलोनी डिफेंस एंक्लेव में मंगलवार शाम चार बजे जोनल पार्क के पास शिवलोक पुरी निवासी हिस्ट्रीशीटर आदित्य प्रधान (22) ने पहले न्यू गोविंदपुरी निवासी 12 वीं की छात्रा अनुष्का (19) के सिर व पेट में अवैध पिस्टल से तीन गोलियां मारी। फिर खुद को भी सीने में दो गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हिस्ट्रीशीटर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल छात्रा को पुलिस ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से पांच खोखे व दो पिस्टल बरामद की है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शिवलोक पुरी निवासी आदित्य ने 2025 में आईटीआई से इलेक्ट्रिकल्स की पढ़ाई की थी। उस पर आधा दर्जन से अधिक जानलेवा हमले समेत हथियार तस्करी की प्राथमिकी दर्ज है। वह कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। 10 दिन पूर्व ही वह एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस के अनुसार, अनुष्का को आदित्य करीब तीन साल से जानता था। जेल से बाहर आने के बाद से वह छात्रा से बात करने का प्रयास कर रहा था। लेकिन छात्रा ने बात करने से मना कर दिया था। मंगलवार को युवक ने छात्रा को मिलने के लिए डिफेंस एन्क्लेव के जोनल पार्क के पास बुलाया था। छात्रा अपनी स्कूटी से और आदित्य बाइक से पहुंचा था। दोनों के बीच करीब दस मिनट तक तीखी कहासुनी होती रही। इसी बीच अचानक आदित्य ने पिस्टल निकाली और युवती को ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दी। गोली लगते ही छात्रा लहूलुहान होकर नीचे गिर गई। छात्रा को गोली मारने के बाद आदित्य ने खुद को भी पिस्टल से सीने में दो गोलियां मारी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों की सूचना पर डायल-112 व कंकरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अपनी जीप से घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। युवक को शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
घटना के बाद एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी अविनाश पांडेय का कहना है कि दोनों पक्षों के परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। युवक ने वारदात को क्यों अंजाम दिया इसकी जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
-
-फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, बहस होेने पर मारी गोलियां
वारदात की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। टीम ने मौके से मिले पांच खोखे व दोनों के मोबाइल को जांच के लिए कब्जे में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की बारीकी से जांच की। सड़क पर खून बिखरा हुआ था। एसपी सिटी ने एहतियात के तौर पर दोनों के घर के पास पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल के पास मकान पर लगे सीसीटीवी चेक किए। इसमें दोनों के बीच बहस होती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है।
-घटना के बाद मौके पर लगी लोगों की भीड़
पॉश कॉलोनी में बने जोनल पार्क में शाम चार बजे स्थानीय लोग टहल रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच पार्क के बाहर कहासुनी हो रही थी। अचानक चली गोलियों की आवाज से पार्क में टहल रहे लोग व आसपास मौजूद लोगों मौके से भाग गए। युवती को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को सीने में पहली गोली मारी। वह नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपी ने दोबारा उठकर दूसरी गोली मारी।
-
- शाम होते ही लगता है युवकों को झुंड
स्थानीय निवासी महेश ने एसपी सिटी को बताया कि पार्क के पास शाम होते ही युवकों के झुंड अलग-अलग ग्रुप में खड़े हो जाते है। इस कारण लोगों को सड़क पर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। मामले को लेकर थाने पर शिकायत की थी। लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। एसपी सिटी ने थाना प्रभारी से पुलिस गश्त कराने का निर्देश दिया।