संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ टैक्स बार एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें अपर आयुक्त हरिराम चौरसिया, ओपी पांडे और सुशील कुमार उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार के राजस्व को बढ़ाने में अधिवक्ताओं की भूमिका और अधिकारियों-अधिवक्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करना रहा। अपर आयुक्त हरिराम चौरसिया ने कहा कि राजस्व संग्रह और वृद्धि में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता कानून के ज्ञाता होते हैं। इससे विभाग की सभी कार्रवाई विधि के अनुसार सुगमता से पूरी होती हैं। चौरसिया ने अधिवक्ताओं और अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय पर जोर दिया। बैठक में विभाग के सभी संयुक्त आयुक्त, उपायुक्त और सहायक आयुक्त भी शामिल हुए। इस दौरान, मेरठ टैक्स बार एसोसिएशन ने अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन अपर आयुक्त को सौंपा। अधिकारियों ने समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में अतिथियों को सम्मानित किया गया। अध्यक्षता विशाल कपूर ने की। संचालन महासचिव सुनील कुमार चौधरी ने किया।