सरधना। उप निबंधक कार्यालय में सर्वर में खराबी के विरोध में धरना प्रदर्शन करते अधिवक्ता। संवाद
सरधना। तहसील परिसर स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में लगातार सर्वर डाउन की समस्या से परेशान अधिवक्ताओं का मंगलवार को सब्र टूट गया। नाराज अधिवक्ता रजिस्ट्री कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना देकर बैठ गए। उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग की।
अधिवक्ताओं का कहना है कि रजिस्ट्री दफ्तर में आए दिन साइट बंद होने से आम जनता और अधिवक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बैनामा कराने आए लोगों को घंटो इंतजार करना पड़ता है। एक-एक रजिस्ट्री में घंटों समय लगने से अधिवक्ताओं का कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस है। मंगलवार को भी सुबह से साइट ठप रही, जिससे रजिस्ट्री से जुड़े कार्य बाधित हो गए। इससे नाराज होकर अधिवक्ताओं ने कार्यालय को बंद कर ताला लगा दिया और विरोध स्वरूप धरने पर बैठ गए। इस मौके पर महामंत्री मोहित शर्मा, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप त्यागी, प्रमोद प्रधान व अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।