महिला प्रोफेसर से अभद्रता, आरोपी अधिवक्ता गिरफ्तार
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में शुक्रवार नशे की हालत में अधिवक्ता ने सरेराह महिला प्रोफेसर से अभद्रता कर दी। विरोध करने पर हाथापाई की, जिसमें प्रोफेसर चोटिल हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
महिला शहर के प्रतिष्ठित डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर है। शुक्रवार शाम वह कुत्तों को खाना खिला रही थीं, तभी वहां से गुजर रहे युवक ने अभद्रता शुरू कर दी। युवक ने प्रोफेसर का हाथ पकड़ लिया और विरोध करने पर गालियां देने लगा। प्रोफेसर चोटिल हो गई। सरेराह महिला से छेड़छाड़ होते देख राहगीरों ने युवक को पकड़ लिया। युवक लोगों के साथ भी अभद्रता करने लगा।
कुछ ही देर में लालकुर्ती थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। नशे में धुत युवक ने खुद को अधिवक्ता बताकर पुलिस पर भी रौब ग़ालिब करना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस उसे थाने ले आई। थाने में भी युवक ने हंगामा काटा। कुछ ही देर में महिला प्रोफेसर भी अपनी एक अन्य महिला साथी के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अभय त्यागी निवासी बाउंड्री रोड बताया। पुलिस ने चोटिल महिला प्रोफेसर को मेडिकल के लिए भिजवा दिया। एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि अधिवक्ता को गिरफ्तार करते हुए महिला प्रोफेसर की तहरीर पर उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।