मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में स्पोर्ट्स कोटे से एडमिशन को ट्रायल की प्रक्रिया 17 नवंबर से शुरू हो जाएगी। ट्रायल प्रक्रिया तीन दिन 19 नवंबर तक विवि के स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित होगी। स्पोर्ट्स कोटे से पांच फीसदी एडमिशन होंगे। विवि ने ट्रायल का पूरा शेड्यूल विवि की वेबसाइट पर जारी कर दिया है।
17 नवंबर को फुटबाल पुरुष, हॉकी, क्रिकेट, कबड्डी पुरुष, खोखो, वॉलीबाल, टेबिल टेनिस के ट्रायल होंगे। 18 नवंबर को हैंडबॉल, नेटबॉल, बैडमिंटन, सॉफ्टबॉल, आर्चरी, एयर राइफल-एयर पिस्टल, स्वीमिंग, वुशू, टग ऑफ वार एंड योग आदि खेलों के ट्रायल होंगे। 19 नवंबर को एथलेटिक्स, जूडो, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, वेट लिफ्टिंग, रेसलिंग, ग्रेको रोमन रेसलिंग, जिम्नास्टिक, चेस, क्रास कंट्री के ट्रायल होंगे।
सीधे वरीयता सूची वाले प्रवेश से अलग रहेगा कोटा
खेल कोटे से सिर्फ पांच फीसदी प्रवेश होंगे। उन सभी विषयों में जिनके प्रवेश सीधे वरीयता सूची से होते हैं ये उन पर लागू नहीं होगा। नियमानुसार 80 सीट पर विभिन्न वर्गों में आरक्षण 2 प्लस 1 प्लस के आधार पर होगा, यदि किसी श्रेणी में कोई अभ्यर्थी वरीयता सूची में नही आता है तो नियमानुसार उस श्रेणी की सीट ओपन कर दी जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का प्रवेश सीधे बिना किसी टेस्ट के दिया जाएगा।
ये साथ लाएं छात्र
सभी खिलाड़ी ट्रायल के लिए उपकरण साथ लाएंगे। खेल की ट्रायल की तिथि व समय का ध्यान रखें। खिलाड़ी डॉक्टर का फिटनेस प्रमाण पत्र लाएंगे। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फार्म की प्रति, खेल प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित दो छायाप्रति साथ लाएंगे। कोविड-19 की गाइड लाइन का पूरा पालन करना होगा।
पीजी में रजिस्ट्रेशन की गति तेज, स्नातक में धीमी
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में यूजी-पीजी में अब तक एक लाख 61 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। स्नातक में दोबारा से खोले गए रजिस्ट्रेशन की गति धीमी ही है। 20 नवंबर तक स्नातक में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन होंगे। इसके बाद ऑफरलेटर डाउनलोड कर जिन कॉलेजों में सीटें होंगी, वहां सीधे जाकर एडमिशन लिए जा सकते हैं। पीजी कोर्सों में रजिस्ट्रेशन बढ़ते जा रहे हैं। एलएलबी में 22 हजार, एमए में 5429, बीकॉम में 6668, एमएससी में 5576 और एमएससी एजी में 2421 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।