अमंतास होटल मामले में एडीजी ने फिर से मांगी रिपोर्ट
मेरठ। अमंतास होटल मामले में एडीजी राजीव सभरवाल ने कुछ बिंदुओं पर एसएसपी से फिर से रिपोर्ट मांगी है। जो रिपोर्ट उन्हें भेजी गई थी, वह आधी-अधूरी थी।
एनएच-58 पर स्थित अमंतास होटल के मालिक रत्नेश गोल्डी उर्फ भूटानी की बगैर लिखा पढ़ी के सीओ दौराला और कंकरखेड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के कारनामों की पोल खुली तो तीन घंटे बाद ही बैकफुट पर आ गई। रत्नेश गोल्डी का शांति भंग में चालान और उसके दो साथियों को थाने से ही छोड़ दिया। चर्चा कि हाईवे पर करोड़ों रुपये कीमत की जमीन पर कब्जे के लिए यह सारा ड्रामा हुआ था। मामले में एसएसपी की जांच रिपोर्ट रविवार को एडीजी को मिली। इसके बाद एडीजी ने तीन बिंदुओं पर फिर से रिपोर्ट मांग ली। एडीजी राजीव सभरवाल का कहना है कि सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच पड़ताल करने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
फंस सकती है पुलिस
बिना लिखा-पढ़ी के होटल मालिक को क्यों पकड़ा, कुख्यात सुशील मूंछ से कनेक्शन, 50 लाख की रंगदारी मांगने की बात, करोड़ों रुपये की जमीन का खेल व एक भाजपा नेता का होटल मालिक की गिरफ्तारी से लाभ कैसे जुड़ा है? आदि बिंदुओं पर बारीकी से मॉनिटरिंग होगी। बताया जा रहा कि जिन बिंदुओं पर फिर से रिपोर्ट मांग की गई है, उनमें पुलिस फंस सकती है।