- 45 जैन मंदिरों के पदाधिकारियों ने श्रीफल अर्पित कर खुशी जताई
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। दिल्ली के मयूर विहार फेस एक में विराजमान आचार्य सौरभ सागर महाराज ने वर्ष 2026 का चातुर्मास मेरठ में करने की घोषणा कर दी है। यह घोषणा होते ही मेरठ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर मेरठ महानगर के 45 जैन मंदिरों के अध्यक्ष, मंत्री एवं प्रमुख समाजसेवी सुरेश जैन रितुराज ने श्रीफल अर्पित करते हुए चातुर्मास के लिए निवेदन किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में मेरठ में चातुर्मास हुआ था। पिछले 11 वर्षों में मेरठ महानगर का विस्तार चारों दिशाओं में हुआ है। अब नगर में 45 जैन मंदिर स्थापित हो चुके हैं। ऐसे में समस्त धर्मावलंबियों की इच्छा है कि पावन चातुर्मास फिर से यहां कराया जाए।
सुरेश जैन रितुराज ने बताया कि आचार्य के सानिध्य में अब बड़ा आध्यात्मिक आयोजन हो सकेगा। आचार्य सौरभ सागर महाराज ने कहा कि उनके गुरुदेव आचार्य पुष्पदंत सागर महाराज ने भी उन्हें इसके लिए निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर सदर समाज से सुनील जैन, कमला नगर से चिन्मय जैन, आनंदपुरी से राजीव जैन, शास्त्रीनगर से डीके जैन, गंगानगर से प्रमोद जैन, असौड़ा हाउस से विनोद जैन, थापरनगर से धनकुमार जैन आदि ने आचार्य का आशीर्वाद लिया।