सरूरपुर। थाना पुलिस ने कई मामलों में वांछित चल रहे गांव मैनापूठ्ठा निवासी फारुख उर्फ सितारा पुत्र तरीकत को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने अवैध तमंचा बरामद किया है।
थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि आरोपी फारुख पर लूट, चोरी, गोकशी और हत्या के प्रयास समेत करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी की कई महीनों से तलाश में थी। शनिवार देर रात थाना पुलिस भूनी चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आरोपी भूनी चौराहे पर हर्रा निवासी युवक के साथ खड़़ा था। पुलिस ने दोनों से वहां खड़े होने का कारण पूछा तो आरोपी भागने लगे।
पुलिस ने दोनों को पकड़कर तलाशी ली तो आरोपी के पास से एक तमंचा मिला। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। फारुख से पूछताछ में पता चला कि उसके खिलाफ कई थानों में करीब 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया। वहीं, उसके साथ हिरासत में लिए गए एक अन्य युवक से पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि आरोपी के साथ हिरासत में लिया गया दूसरा युवक मजदूर था। पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।