- पुलिस दबिश के बाद परिवार के लोगों से पूछताछ, दो आरोपी अभी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कपसाड़ गांव में कैली की ओर जंगल में संरक्षित पशु के वध के मामले में पुलिस की जांच में सामने आए तीन आरोपियों में से उवैश ने बुधवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
शनिवार देर रात गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग से करीब ढाई किलोमीटर दूर जंगल में संरक्षित पशु का वध किया गया था। रविवार को किसान खेतों पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सिवालखास निवासी एक ही परिवार के तीन भाइयों के नाम सामने आए। पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन तीनों आरोपी मौके पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने परिवार के अन्य सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस की कार्रवाई और दबाव के बाद बुधवार को एक आरोपी उवैस ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ दिया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।-