कंकरखेड़ा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के डूडा कॉलोनी में बुधवार दोपहर महिला हया सैफी के घर में घुसकर 30 से अधिक हमलावरों ने जमकर मारपीट की व घर में तोड़फोड़ की। आरोप है कि हमलावरों ने महिला के भाई समद को मारपीट के बाद तीसरी मंजिल से फेंक दिया। चोट लगने से समद गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित परिवार ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। परिवार थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में लग गई है।
दिल्ली देहरादून रोड स्थित डाबका गांव के पास डूडा कॉलोनी बनी हुई है। डूडा कॉलोनी निवासी हया सैफी ने बुधवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि दोपहर के समय में अपने पति शहजाद व भाई समद के साथ घर पर मौजूद थी। इसी बीच कॉलोनी में रहने वाले जाहिद, नजरू, आरिश, नाजिम, कशिश, गड्डी व 25 अज्ञात हमलावर लाठी डंडे लेकर घर में घुस गए। आरोपियों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया था। उन्होंने घर में तोड़फोड़ की। हमले में पूरा परिवार चोट लगने से घायल हो गया। आरोपियों ने समद को मारपीट करने के बाद तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। सिर व पैर में चोट लगने से समद गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर मौके से भाग गए। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही हैं।