नशीला पदार्थ देकर किशोरी से दुष्कर्म, मां पर बेचने और अश्लील वीडियो बनवाने का लगाया आरोप
सरधना। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने अपनी मां पर एक अधेड़ को बेचने और नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म में सहयोग करने का आरोप लगा मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में दो अन्य लोगों को भी नामजद किया है। उन्होंने किशोरी की अश्लील वीडियो बनाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया और किशोरी को डाक्टरी जांच के लिए भेजा।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के पति की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। उसके बाद महिला ने क्षेत्र के ही दूसरे गांव में शादी कर ली। किशोरी का कहना है कि उसकी तीन बहनें व एक भाई है। मां ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर जुल्हैड़ा निवासी अधेड़ के साथ शादी के नाम पर बेच दिया। होश आने पर उसने खुद को जुल्हैडा में पाया। उसने आरोप लगाया कि नशीला पदार्थ पिलाकर मां पहले गंगनहर में डालने का प्रयास कर चुकी है। मां पूर्व में तीन शादियां कर चुकी है। उसका चाल चलन ठीक नहीं है। वह अन्य बहनों को भी बेचने की तैयारी में है। किशोरी ने बताया कि 11 मार्च को वह बमुश्किल जुल्हैड़ा गांव से आरोपियों के चंगुल से छूटकर निकली। 14 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर किशोरी की मां, अश्वनी पुत्र योगेश और योगेश पुत्र हरिदत्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।