कमेटी के 24 लाख रुपये के विवाद में स्क्रैप कारोबारी को मारी थीं तीन गोलियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के न्यू इस्लामनगर में शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ कर लौट रहे स्क्रैप कारोबारी हारुन को तीन गोली मारने के मामले में आरोपी रवीश ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच कर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के सामने पहुंचते ही आरोपी ने कहा, गलती हो गई, पैर में गोली मत मारना। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी से घटना और उसके साथ शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
अलीबाग कॉलोनी निवासी सोनू मलिक ने शुक्रवार को लोहियानगर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि न्यू इस्लामनगर में शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज पढ़कर लौट रहे उसके भाई स्क्रैप कारोबारी हारुन पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। तीन गोली लगने से हारुन गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पीड़ित के अनुसार उसके भाई हारुन के आरोपी पक्ष पर कमेटी के 24 लाख रुपये थे। स्क्रैप कारोबारी काफी दिनों से पैसे मांग रहा था। पैसे देने के नाम पर आरोपी पक्ष आना-कानी कर रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर रवीश ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर स्क्रैप कारोबारी को तीन गोली मारी थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी।
इसी बीच शनिवार सुबह रवीश ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिसकर्मियों को देखकर उसने पैर में गोली न मारने की गुहार लगाई और अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी इरशाद, रवीश, फिरोज, शबाना और बशीर के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का कहना है कि पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट की जाएगी।
-पिस्टल काफी समय से उसके पास
एसएसपी कार्यालय पर सरेंडर के दौरान आरोपी रवीश ने बताया कि उसके पास काफी समय से पिस्टल रखी हुई थी। पुलिस आरोपी से पिस्टल बेचने वाले की जानकारी कर रही है। आरोपी के पास इतनी भारी मात्रा में कारतूस कहां से आए, इसके बारे में पता कर रही है। आरोपी ने कहा कि गोली उसने चलाई है उसके परिवार का कोई दोष नहीं है।
-