मेरठ। फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बनाकर प्लाॅट बेचने के नाम पर छह लाख रुपये हड़पने के मामले में वांछित आरोपी को परतापुर पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी।
परतापुर के शताब्दीनगर सेक्टर एक निवासी चंद्रप्रकाश ने पिछले वर्ष मई माह में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें उसने बताया था कि कुछ माह पहले उसकी मुलाकात विश्वनाथ उर्फ मोनू मूल निवासी गांव पोरा थाना सिकंदराऊ जिला हाथरस हाल पता कृष्णा कुंज से हुई थी। इस दौरान विश्वनाथ ने उसे शताब्दीनगर में एक प्लाॅट दिखाया था। इसका सौदा दस लाख रुपये में तय हुआ था।
चंद्र प्रकाश ने विश्वनाथ को एडवांस में छह लाख रुपये दे दिए। जब बैनामा कराने के लिए पहुंचे तो जमीन के दस्तावेज, पैन कार्ड और आधार कार्ड फर्जी होने की बात सामने आई। इसके चलते प्लाॅट का बैनामा नहीं कराया जा सका। रुपये वापस लेने पहुंचे तो विश्वनाथ के किराए के मकान पर ताला लटका मिला।इसी मामले में शुक्रवार को आरोपी विश्वनाथ को मोदीनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।