किराना व्यापारी से पांच लाख की रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार
सरधना। नगर के एक बड़े किराना व्यापारी से फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रंगदारी न देने पर उसने व्यापारी व उसके पुत्र को हत्या की धमकी दी थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। आरोपी के पकडे़ जाने पर व्यापारी व उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है।
मोहल्ला आदर्शनगर निवासी नरेंद्र कुमार जैन पुत्र मोतीराम जैन को 24 नवंबर को किसी ने फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उसे व उसके पुत्र की हत्या करने की धमकी दी थी। नरेंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। सर्विलांस टीम की मदद से बृहस्पतिवार को पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जिनमें से एक युवक से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। उसने फोन द्वारा व्यापारी से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी साहिब पुत्र नौमान निवासी जसड़ सुल्ताननगर है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया।