मेरठ कॉलेज के शिक्षक पर आरोप साबित, घट सकता है ग्रेड
मेरठ। मेरठ कॉलेज में रसायन विभाग के शिक्षक डॉ. राजीव राठौर पर लगाए गए आरोप रिटायर जज की जांच में साबित हो गए हैं। आरोप साबित होने पर इन पर सख्त कार्रवाई हो सकती है। पूरी रिपोर्ट कुलपति को भेज दी गई है। अब इस मामले में कुलपति निर्णय लेंगे।
रसायन विभाग के शिक्षक को वित्तीय अनियमितता और परीक्षा में ड्यूटी नहीं करने के आरोपों के चलते मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति द्वारा निलंबित किया गया था। मामले की जांच प्रबंध समिति ने सेवानिवृत्त जज अरुण कुमार श्रीवास्तव को सौंपी थी। चार महीने से चल रही जांच में आरोप साबित हो गए हैं जिसके बाद बृहस्पतिवार को इस मामले में पूरी जांच रिपोर्ट कुलपति प्रो. एनके तनेजा को भेज दी गई है। कुलपति जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगे।
बड़े गंभीर आरोप हैं
परीक्षा में ड्यूटी नहीं करने के अलावा डॉ. राजीव राठौर पर गंभीर आरोप हैं। इनमें एक आरोप ऐसा था जिसकी शिकायत एक छात्र ने पूर्व प्राचार्य के कार्यकाल में की थी लेकिन इसे दबा दिया गया था। ये आरोप भी अब सही साबित हो गया है। ऐसे में कुलपति तमाम आरोपों को देखते हुए सख्त कार्रवाई कर सकते हैं।