किठौर-हापुड़ मार्ग पर हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार की गई जान
किठौर। किठौर-हापुड़ मार्ग पर आईएम पब्लिक स्कूल के निकट शनिवार देर रात बाइक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। कार चालक राहगीरों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगा तो रास्ते में ही बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।
मूलरूप से गाजियाबाद जनपद के भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव तोड़ी निवासी मुशाहिद पुत्र शकील अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कस्बा किठौर के मोहल्ला मौसमखानी में रहकर भैसों की खरीद फरोख्त कर परिवार का पालन पोषण करते थे।
शनिवार देर रात मुशाहिद हापुड़ की तरफ से किठौर लौट रहा था। आईएम पब्लिक स्कूल के निकट बाइक में सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। कार चालक राहगीरों की मदद से घायल मुशाहिद को उपचार के लिए लेकर चला। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।