उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गुरुवार शाम को हुए एक दर्दनाक हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं युवकों की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना फतेहपुर क्षेत्र में कलसिया-छुटमलपुर सड़क मार्ग पर बाइक सवार युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव कादरपुर के मजरे केवलगढ़ निवासी रजनीश (25) पुत्र महेंद्र सिंह और हरिपुर गांव निवासी दीपक (26) पुत्र राजकुमार बाइक पर छुटमलपुर की तरफ से रंग (होली) खेलकर आ रहे थे। मुस्तापुर गांव के पास कलसिया की तरफ से गए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
घटनास्थल पर ही दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। ट्रक को उसका चालक व परिचालक घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने यूपी-112 पर कॉल करके पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया।