मीरपुर गांव के निकट परिवहन निगम की अनुबंधित बस ने बाइक सवार भैसाली डिपो में कार्यरत क्लर्क को कुचल दिया। क्लर्क ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस का चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नारंगपुर निवासी देवेंद्र (50) मेरठ स्थित भैसाली डिपो में बतौर क्लर्क कार्यरत था। बुधवार रात देवेंद्र ड्यूटी के बाद बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। मीरपुर गांव के पास सामने से आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस ने देवेंद्र की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र बाइक से उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर घायल हो गया। बाइक बस के पहियों के बीच फंस गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
यात्रियों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। राहगीर घायल को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाने लगे, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र विनीत की ओर से अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बृहस्पतिवार शाम मृतक का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में गम का माहौल है।