सहारनपुर में कलसिया-छुटमलपुर रोड पर बुबका गांव में ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक एवं साइकिल में टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बेहट सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाए गए। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लिया है।
बेहट में यह हादसा सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे बुबका गांव में घूम पर हुआ। कलसिया गांव निवासी सविता (35) पत्नी अंजीत व ममता (45) भूपेंद्र सुबह किसी काम से खिड़का जुनारदार गांव में अपने किसी परिचित के यहां गई थी। दोपहर के समय जब वह वापस आ रही थी तो वे खिड़का जुनारदार गांव के ही शाहनवाज पुत्र अयूब की बाइक पर बैठ ली। बुबका गांव में घूम पर अचानक रोड पर चढ़ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसी दौरान कलसिया की तरफ से साइकिल पर जा रहा रतनपुर कल्याणपुर गांव निवासी रामस्वरूप (65) भी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गया।
बता दें कि हादसे में ममता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सविता, शाहनवाज व रामस्वरूप को मौके पर पहुंची पुलिस बेहट सीएचसी ले गई, जहां रास्ते में रामस्वरूप ने भी दम तोड़ दिया। सविता व शाहनवाज को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
उधर, हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले गई। हादसे की जिम्मेदार ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया और कोतवाली ले गई।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/