मेरठ में रविवार दोपहर लिसाड़ी रोड पर हुए एक हादसे से इलाके में दहशत फैल गई। बताया गया कि यहां अंजुम पैलेस के नजदीक तेजाब की केन फटने से तकरीबन 15 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं मौके पर भारी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस के अनुसार घायलों में स्कूल से लौट रहे कुछ छात्र भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : मेरठ: खरखौदा में युवती की हत्या, शव को संदूक में बंद कर नदी किनारे फेंका, मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
जानकारी के अनुसार ब्रहमपुरी थाना के अंजुम पैलेस के समीप रविवार की दोपहर बाद करीब चार बजे ई रिक्शा में लाद कर ले जायी जा रही तेजाब की केन सड़क पर गिरने से उछलकर फट गई। इसी दौरान एक डीसीएम का पहिया कैन पर चढ़ गया, जिससे कैन फट गई।
पीछे से एक ट्रैक्टर आ गया, उसमें बैठे लोग तेजाब के विस्फोट से बुरी तरह से झुलस गए। सभी झुलसे लोगों को मेडिकल ले जाया गया है। वहीं तेजाब की केन लेकर जा रहा चालक ई रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर ब्रह्मपुरी पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।