मवाना। भाजपा नगर अध्यक्ष ने अवैध रूप से साप्ताहिक पैठ की ठेली छात्राओं के स्कूल में लगी होने का विरोध करने पर पैठ में दुकानदारों से उगाही करने वाले भाजपा नेता पर गाली गलौज करने व धमकी देने का आरोप लगाया है।
भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन कौशिक ने तहरीर में बताया कि रविवार की दोपहर 2:30 बजे तहसील रोड पर वह भाजपा मंडल महामंत्री विनोद गुप्ता के साथ निजी वाहन से जा रहा था। देखा कि तहसील रोड पर स्थित आवासीय बालिका परिसर में पैठ की अवैध ठेली लगी हुई हैं। विद्यालय में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वह और विनोद गुप्ता ने अवैध ठेली को विद्यालय परिसर से हटाने के लिए कहा तो पैठ के पैसे की उगाही करने वाला राजेंद्र चौहान निवासी चौहान चौक आ धमका।
राजेंद्र चौहान उसके और विनोद गुप्ता के साथ गाली गलौज करने लगा। धमकी देते हुए कहा कि तुम्हें अध्यक्ष बना दूंगा। साथी विनोद गुप्ता को दाढ़ी उखाड़ने की धमकी दी। तहरीर में कहा कि राजेंद्र झगड़ालू प्रवृति का है और आए दिन किसी न किसी के साथ झगड़ा करता रहता है। हर समय अपने साथ तमंचा लगाकर रखता है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। राजेंद्र चौहान भी भाजपा नेता हैं। उनका कहना है कि उनका पैठ से कोई लेना-देना नहीं है। उनकी बहन के पैसे सचिन कौशिक पर थे, जिनको मांगने पर उक्त आरोप लगाया है।