मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एमसीटीएसएल) अपनी एसी बसों के जरिए मेरठ हेरिटेज दर्शन के तहत फरवरी माह से हर रविवार को जिले के विशेष व प्रमुख पर्यटक स्थलों की सैर कराएगी।
बुधवार को कंपनी के अधिकारियों ने बांबे बाजार स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में योजना की जानकारी दी। मुख्य अतिथि व कंपनी के अध्यक्ष मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने बस की बुकिंग की जिम्मेदारी अगले तीन महीने तक मिशिका सोसायटी को दी। कुमार ने बताया कि लोगों को जिले की महान धरोहर और विरासत देखने के लिए सीधे साधन मुहैया नहीं होने से जाने में परेशानी होती है। इसके लिए एमसीटीएसल की मेरठ हेरिटेज दर्शन बस सेवा बेहद कारगर साबित होगी। इस दौरान आरएम रोडवेज एसके बनर्जी, अजय गुप्ता, संदीप नागर, विवेक खरे आदि मौजूद रहे।
रविवार को होगा ट्रायल रन
कंपनी के एमडी संदीप लाहा ने बताया कि आगामी रविवार को बस का ट्रायल रन किया जाएगा। ट्रायल रन में जिला प्रशासन के अधिकारी रहेंगे। इसके बाद फरवरी से हर रविवार को यह बस सेवा निरंतर चलेगी।
इन स्थलों की कर सकेंगे सैर
मेरठ हेरिटेज दर्शन बस सेवा सोहराब गेट डिपो से सुबह आठ बजे शुरू होगी। जो सबसे पहले गगोल सरोवर जाएगी। यहां से सरधना चर्च और इसके बाद हस्तिनापुर, जंबू द्वीप पर लंच करने के बाद किला परीक्षितगढ़, विक्टोरिया पार्क, शाही ईदगाह, शहीद स्मारक, विल्वेश्वर मंदिर, कांच का गुरुद्वारा और औघड़नाथ मंदिर के दर्शन कराते हुए शाम साढ़े पांच बजे वापस सोहराब गेट डिपो पहुंचेगी। विदाउट लंच टिकट 450 रुपये और विद लंच टिकट 525 रुपये रखा गया है। सेवा के प्रचार और प्रसार की जिम्मेदारी मिशिका सोसायटी को दी गई है।