सूबे के कैबिनेट मंत्री के कार्यक्रम के कारण स्मार्ट सिटी की वोटिंग की रफ्तार धीमी पड़ गई। नगर निगम का पूरा अमला उनके कार्यक्रम में व्यस्त हो गया, जिस कारण फॉर्म फीड करने की रफ्तार धीमी पड़ गई। शनिवार को जहां 90 हजार वोट फीड हुए थे, सोमवार को मात्र 25 हजार वोट ही फीड हो पाए। वोटिंग के लिए बस एक दिन का समय रह गया है, ऐसे में ऑनलाइन ही वोट करें।
वोटिंग फीड करने का ग्राफ गिर रहा है। ऐसा नहीं है कि जनता वोट नहीं कर रही है पर ऑफलाइन वोट करने से उसकी फीडिंग करने में परेशानी आ रही है। शनिवार को टीम ने रिकार्ड तोड़ 90 हजार वोटों की ऑनलाइन फीडिंग कर दी थी। रविवार को छु्ट्टी थी तो सात हजार वोटों की ही फीडिंग हो पाई। ऐसे में उम्मीद यह थी कि सोमवार को यह ग्राफ उछाल मारेगा, पर ऐसा नहीं हो पाया। निगम की टीम आजम खा के कार्यक्रम की तैयारियों में लग गई और मात्र 25 हजार वोटों की फीडिंग नहीं हो पाई। पचास हजार फार्म तो अभी निगम टीम के पास ही हैं जो फीड नहीं हो सके हैं। इसके अलावा संस्थानाें, विधायक लक्ष्मीकांत वाजपेयी एक लाख फार्म होने का दावा कर रहे हैं। इन्हें भी फीड करना होगा, जिससे यह आंकड़ा पांच लाख के पार पहुंच सकता है।
29 को स्मार्ट सिटी पर सभी लेंगे संकल्प
29 जून को बोर्ड बैठक होगी। इसमें मेरठ नगर निगम के सभी पार्षद, महापौर, अधिकारी तथा बोर्ड के सभी सदस्यों से जहां स्मार्ट सिटी बनाने का संकल्प लिया जाएगा तो राय भी ली जाएगी। जो भी प्रस्ताव तैयार किया गया है उस पर सभी की सहमति के बाद ही यह प्रस्ताव 30 जून को केन्द्र सरकार के सामने पेश किया जाएगा।
कमिश्नर ने की प्रोजेक्ट की समीक्षा
आयुक्त आलोक सिन्हा ने कैंप कार्यालय पर पूरे प्रस्ताव एवं तैयार किए गए वित्त प्रस्ताव की समीक्षा की। उन्हाेंने कहा कि इस बार कोई खामी न रहे। नगर आयुक्त देवेंद्र कुशवाहा ने बताया कि स्मार्ट सिटी के लिये मुख्य रूप से 43 बिंदुओं की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जो 99 पेज की है। इसे 30 जून तक नई दिल्ली में जमा किया जाना है। उन्होंने बताया कि एरिया बेस्ड डेवलेपमेंट के लिये अब तक की प्राप्त वोटिंग में 3 एरिया को बराबर बराबर वोटिंग प्राप्त हुए, जिसके आधार पर एरिया बेस्ड डेवलेपमेंट 1232 एकड़ का होगा।
यह रहेगा प्रस्ताव का सार
कंसल्टेंट बीके पटेल ने बताया कि पेन सिटी प्रोजेक्ट में ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन, ई-गर्वनेंन्स व सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर कार्य किया जाएगा। 43 बिन्दुओं पर आधारित 99 पेज की रिपोर्ट क्वालिटी ऑफ लाइफ , एडमीनिसट्रेटिव एफीशियेंसी, स्वॉट, स्ट्रेटेजिक फोकस एंड ब्लू प्रिंट, रिस्क मिटीगेशन, कनर्वजेन्स एजेंडा, कनर्वजेंन्स इम्पलीमेंन्टेशन, बैनिफिट डिलीवर्ड आदि बिन्दुओं पर आधारित होगी।
अपराध एवं यातायात का प्लान भी बनाएं
कमिश्नर ने कहा कि शहर को अपराध मुक्त करने एवं यातायात बहाल करने का प्लान पुलिस अधिकारियों के स्तर पर भी बनाया जाए। इस अवसर पर एसएसपी जे. रविंदर गौड़, एसपी सिटी ओमप्रकाश, एसपी ट्रैफिक किरन यादव, नगर निगम के अधिशासी अभियंता मोहिनुउद्दीन मौजूद रहे।