सरधना। पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे एक युवक को उसके रिश्तेदारों ने कथित रूप से बुरी तरह पीट दिया। घायल युवक ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
करनावल निवासी आदेश ने बताया कि उसकी शादी दबथुवा गांव में हुई है। भाई दूज पर उसकी पत्नी अपने मायके गई थी। इसके बाद वह नहीं लौटी। आदेश के अनुसार उसने अपनी पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन ससुराल पक्ष ने बातचीत नहीं करने दी। दो दिन पहले उसे पता चला कि उसकी पत्नी दबथुवा गांव में ही है। रविवार को आदेश पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा। आरोप है कि उसके पहुंचते ही उसके ससुरालियों ने उस पर हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि उसे जमीन पर गिराकर डंडों से पीटा गया। किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचा और नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।