मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात नायरा पेट्रोल पंप के पास खाली प्लॉट में शराब पार्टी के दौरान ईंटों से चेहरा कूचकर युवक की हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह लोगों ने लहूलुहान शव प्लॉट में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पहचान न होने पर पुलिस आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सोशल मीडिया का सहारा भी लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि शराब के नशे में किसी बात को लेकर युवक की बेरहमी से हत्या की गई।
पेट्रोल पंप के पास खून से लथपथ युवक का शव पड़ा था। उसने हरे रंग की टीशर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। फोरेंसिक टीम को बुलाकर पुलिस ने सबूत एकत्र किए। युवक के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। शराब की खाली बोतल, नमकीन के पैकेट, बीड़ी का बंडल और चप्पल मौके पर पड़ी थी। पुलिस का मानना है कि इस प्लॉट में मंगलवार रात शराब पार्टी की गई। इसके बाद ईंटों से कूचकर युवक की हत्या की गई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि युवक की पहचान होने पर ही हत्या का राजफाश होगा। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।