- किसान बोले- इंजीनियर साहब, नींद से जागो, सिंचाई के लिए टेल तक नहीं पहुंच रहा है पानी
फोटो समाचार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। इंजीनियर साहब...यहां एसी में बैठने से काम नहीं चलेगा। नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। किसानों की फसल बर्बाद हो रही है। कुछ करो नहीं तो कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे। किसानों ने इस शिकायत के साथ गंगनहर शाखा के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार को उनके ही कार्यालय में जमीन पर बैठा लिया। अधिशासी अभियंता ने एक सप्ताह में माइनरों में जगह-जगह टक्कर बनवाने और टेल तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही किसानों ने एक घंटा बाद धरना खत्म किया।
बुधवार को सभी किसान भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में विकास भवन में आयोजित किसान दिवस में पहुंचे थे। यहां से सभी किसान सिंचाई विभाग के गंगनहर शाखा के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। नारेबाजी करते हुए अधिशासी अभियंता को भी अपने बीच जमीन पर बैठा लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नहरों की सफाई के दौरान चपसलावा और जलालाबाद के रजबहे में जगह पानी रोकने के लिए बनी टक्कर को तोड़ दिया गया। इस कारण कुलाबे और टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। किसानों की फसलें सूख रही हैं। किसानों की नाराजगी को भांपते हुए अधिशासी अभियंता ने एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान करने का आश्वासन लिखित में लिया। एक घंटा धरना चलने के बाद मिले आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान अनूप , मोनू, मेजर चिंदौड़ी, खिलारी गुर्जर , देशपाल, बोबी,बबलू, सुनील, सुखपाल , सचिन, सत्येंद्र, विनोद, वीरेंद्र , हरेंद्र गुर्जर , प्रशांत त्यागी, रविन्द्र , भोपाल, उदयवीर सिंह, जज सिंह, बंटी प्रधान, कपिल, सचिन, धूम सिंह आदि मौजूद रहे।
किसानों ने उठाई समस्याएं, निस्तारण के लिए बनी कमेटी
- 90 शिकायतों में 60 समस्याओं का हुआ निस्तारण
फोटो समाचार
मेरठ। बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने बिजली, पानी, खाद, गन्ना भुगतान आदि 90 समस्याएं उठाई। जिनमें से जिलाधिकारी ने मौके पर ही 60 समस्याओं का समाधान किया और बाकी 30 शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला विकास अधिकारी अम्बरीश कुमार की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई। अगले किसान दिवस से पहले शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर किसानों ने नाराजगी जतायी।
जिलाधिकारी वीके सिंह ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह किसानों की समस्या निस्तारित करके अगले किसान दिवस में लिखित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिला कृषि अधिकारी राजीव सिंह को कहा कि उनके विभाग संबंधित समस्या किसान दिवस में नहीं आनी चाहिए। इस दौरना भाकियू जिलाध्यक्ष ने 15 सूत्रीय ज्ञापन और 55 गांवों के किसानों की समस्याओं से संबंधित पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। साथ ही शीघ्र समाधान की मांग की।