नोट- दिल्ली के ध्यानार्थ
-
- पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कोतवाली क्षेत्र के सुनारपुरा निवासी मोहम्मद उमेर ने दिल्ली निवासी अपने परिचित इफ्तेखार अहमद, मोहसिन अहमद, नादिया व फैजान पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार आरोपियों पर दिल्ली में फ्लैट दिलाने के नाम पर 79.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। पुलिस ने चारों आरोपियों पर मारपीट व धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुनारपुरा निवासी मोहम्मद उमेर ने थाना कोतवाली पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि दिल्ली के मटिया महल क्षेत्र में रहने वाले इफ्तेखार अहमद, मोहसिन अहमद, नादिया और फैजान अहमद से उसकी करीब 15 वर्ष पुरानी पहचान थी। अक्तूबर 2025 में आरोपियों ने कारोबार में निवेश के नाम पर 60 लाख रुपये उधार मांगे थे। पीड़ित ने आरोपियों को 57 लाख रुपये एक माह के लिए उधार दे दिए थे।
पीड़ित के अनुसार, तय समय बीतने के बाद आरोपी रुपये लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल करते रहे। फरवरी 2026 में आरोपियों ने दिल्ली स्थित अपना दो मंजिला फ्लैट 79.50 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया था। पीड़ित ने 22.50 लाख रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिए। आरोप है कि कब्जा देने के नाम पर जुलाई 2026 को आरोपियों ने उसे दिल्ली स्थित अपने घर बुलाया, जहां कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की गई। आरोपियों ने उसके मुंह में पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपियों ने चार घंटे तक पीड़ित को बंधक बनाकर रखा। आरोपियों ने पैसे वापस नहीं मांगने की शर्त पर पीड़ित को छोड़ दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि मामले की जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-