संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नवाबगढ़ी मयूर विहार कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात एक युवक ने घर में घुसकर शादाब पुत्र बशीर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने मकान के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेते हुए उसके पास से चाकू बरामद किया।
पीड़ित शादाब ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार रात अपने घर में आराम कर रहा था। तभी अचानक एक युवक उनके घर में घुस आया और उन पर चाकू से हमला कर दिया। शादाब ने किसी तरह कमरे में बंद होकर अपनी जान बचाई। इस दौरान आरोपी ने घर में रखी चीजों को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। शादाब ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।