संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर जैनपुर में हूटर बजाने को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।
गांव शाहपुर जैनपुर निवासी कुलदीप सिंह ने थाना रोहटा में दी तहरीर में बताया कि रात करीब 9:00 बजे एक कार उनके घर के बाहर आकर तेज हूटर बजाने लगी। बेटा आदित्य बाहर आया और कार सवार लोगों को हूटर बजाने के लिए मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।
कुछ देर बाद कार दोबारा उनके घर के बाहर आकर रुकी। आरोप है कि कार सवार गांव के ही अंशकी, राजा और शुभम ने आदित्य पर जानलेवा हमला कर दिया और मारपीट कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि थोड़ी देर बाद इनके साथी अंकित, मन्नू, योगेंद्र और हरेंद्र भी मौके पर पहुंच गए। इन सभी आरोपियों ने घर में घुसकर आदित्य के साथ दोबारा मारपीट की और परिवार के अन्य लोगों के साथ भी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।