संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। दौराला मार्ग पर स्थित एक रेस्टोरेंट में मंगलवार को हंगामा खड़ा हो गया। रेस्टोरेंट में छात्रा संग बैठे युवक को युवती के परिजनों ने पकड़कर पीट दिया। बाद में परिजन युवक को थाने ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया। युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव की युवती बोर्ड परीक्षा देने के लिए सरधना आई थी। परीक्षा देने के बाद वह घर नहीं पहुंची। इसी बीच परिजनों को सूचना मिली कि युवती दौराला मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट में एक युवक के साथ बैठी है। सूचना मिलते ही युवती का भाई और अन्य परिजन रेस्टोरेंट पहुंच गए। वहां युवती को युवक के साथ बैठे देख परिजनों का पारा चढ़ गया और उन्होंने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में युवती के परिजन युवक को पकड़कर थाने ले गए और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि युवती के परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।