सिविल लाइन चौपले पर हुआ हादसा, एक स्कूटी पर सवार थे चारों दोस्त, कार चालक भागा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के साकेत चौपले पर बुधवार देर रात नए साल का जश्न मनाकर लौट रहे स्कूटी सवार संजय नगर निवासी छोटू (22) की मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त संजय नगर निवासी हर्ष, कृष्ण और बिट्टू घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नैनो कार से स्कूटी की साइड लगने को लेकर हादसा हुआ है।
घटना बुधवार देर रात डेढ़ बजे की है। नए साल का जश्न मनाकर छोटू, हर्ष, कृष्ण और बिट्टू संजय नगर अपने घर जा रहे थे। जैसे ही साकेत चौपले पर पहुंचे तो तेज गति से जा रही नैनो कार से साइड लग गई। हादसे में स्कूटी चला रहे छोटू की मौत हो गई। तीनों दोस्त घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सिविल लाइन पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस छोटू को लेकर सुशीला जसवंत राय अस्पताल पहुंची जहां डाक्टरों ने उसे मृत घाेषित कर दिया। तीनों घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रात को परिजनों को सूचना दी। परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सुबह शव को पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है। अन्य तीन की हालत अब सही है। नैनो कार चालक के खिलाफ अभी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है।
नए साल पर मिला सबसे बड़ा गम हादसे के बाद छोटे के परिजनों का बुरा हाल है। छोटू के परिजन शव से लिपट कर रो रहे थे। उनका कहना था कि नए साल में उनके घर पर गमों का पहाड़ टूट गया। जहां एक ओर परिजन सदमे में है, वहीं दूसरी ओर संजय नगर के लोग घटना को लेकर गमगीन है।