रोहटा (मेरठ)। क्षेत्र के अंतर्गत पूठखास गांव स्थित गंगनहर पुल पर मंगलवार को नहाने के दौरान एक युवक पानी में डूब गया। युवक अपने फुफेरे भाई के साथ नहाने आया था। अचानक उसका पैर सीढ़ी की ईंट पर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में समा गया। पुलिस व गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है।
गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र स्थित विजयनगर की गली नंबर 3 निवासी इंद्रजीत पुत्र तेजपाल ने बताया कि उसके मामा का बेटा अरुण (32) पुत्र ब्रह्मा निवासी गांव चिंदौड़ी (हाल पता मोदीनगर), मंगलवार को उससे मिलने आया था। दोनों युवक बाइक से चिंदौड़ी गांव पहुंचे और वहां से पूठखास पुल पर नहाने चले गए। नहाने के दौरान अरुण का पैर अचानक सीढ़ी की ईंट पर फिसल गया, जिससे वह पानी के तेज बहाव में बह गया। इंद्रजीत ने शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अरुण गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू कराया। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि युवक की तलाश के लिए पीएसी के गोताखोरों को बुलाकर उनकी मदद से गंगनहर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।