सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना, रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में सराफ की दुकान से 10 दिन पूर्व ग्राहक बनकर आई महिला चार जोड़ी कुंडल चोरी कर ले गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सराफ ने मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जागृति विहार सेक्टर-9 में सराफ महेंद्र कुमार गोयल की श्री सौरभ ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि 20 अगस्त की शाम करीब चार बजे एक महिला ग्राहक बनकर आई। वह सोने के कुंडल देखने लगी। इसी दौरान महिला ने उनकी नजर बचाकर चार जोड़ी कुंडल (सूई धागा) चोरी कर लिए। ये कुंडल करीब 20 ग्राम के थे और इनकी कीमत करीब दो लाख रुपये थी। 26 अगस्त को स्टॉक कम मिलने पर पीड़ित ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो महिला चोरी करते हुए दिखाई दी। पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत की। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।