उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में कस्बा बनत निवासी महिला की मौत स्वाइन फ्लू से हुई। 12 दिन पूर्व महिला को दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब मेरठ मेडिकल से आई जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतका के पति, बेटी सहित तीन परिजनों का ब्लड सैंपल और बलगम जांच के लिए भिजवाया है।
महिला गर्भवती थी, जिसको गत 26 जनवरी को पेट दर्द की शिकायत होने पर शामली के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। अगले दिन उसको मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया था। वहां पर रात में महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद हालत और खराब होने पर महिला को दिल्ली रेफर कर दिया गया था। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान एक फरवरी को महिला की मौत हो गई। परिजनों ने शव घर लाकर अंतिम संस्कार कर दिया था। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मेरठ मेडिकल से महिला को जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया।
यह भी पढ़ें: कोरोना के खौफ से चीन में हाहाकार, बड़ी संख्या में मंगाए मास्क, मेरठ में हुई एन-95 की किल्लत
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम बनत में महिला के घर पहुंची और परिजनों के स्वास्थ्य की जांच की। जांच में मृतका के सभी परिजन स्वस्थ पाए गए और उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। ऐहतियात के तौर पर महिला के पति, सास और चार साल की बेटी के ब्लड सैंपल और बलगम के नमूने जांच के लिए मेरठ मेडिकल भेजे गए हैं। जिन तीन परिजनों के नमूने लिए गए हैं, वे अस्पताल में महिला के साथ रहे थे। तीनों परिजनों को एहतियात के तौर पर दवा दी जा रही है।
मेरठ में ही स्वाइन फ्लू होने की आशंका
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने आशंका जताई कि महिला को मेरठ अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान ही स्वाइन फ्लू का संक्रमण हो सकता है। उनका कहना है कि जनपद में अभी तक किसी को भी स्वाइन फ्लू होना सामने नहीं आया है। यह पहला मामला है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/