- जन्मोत्सव पर भक्तों ने लगाए जय श्री श्याम के जयकारे
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भक्ति प्रकृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद् खाटू श्याम कथा महोत्सव के चौथे दिवस भक्तिभाव, आध्यात्मिक चिंतन और श्याम प्रेम की अद्भुत त्रिवेणी देखने को मिली। कथावाचक ने गंगा की स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि गंगा केवल हमारी आस्था नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी भी है।
हरिद्वार से पधारे पूज्य गुरुदेव कृष्णा संजय महाराज (मोहन गोकुलधाम पीठाधीश्वर) ने श्रद्धालुओं को सूर्यवंश, चंद्रवंश, गंगा अवतरण और भगवान श्रीराम के चरित्र से जोड़ते हुए जीवन के गूढ़ संदेश दिए। गंगा अवतरण प्रसंग पर महाराज ने गंगा की स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि गंगा केवल हमारी आस्था नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी भी है। वहीं पारिवारिक परिस्थितियों पर संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि घर को महाभारत जैसा युद्धभूमि बनाने के बजाय प्रेम, संवाद और संस्कारों का केंद्र बनाना ही वास्तविक धर्म है।
कथा के दौरान खाटू श्याम जन्मोत्सव भी अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्याम भजनों और जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। इस अवसर पर यजमानों में देवेंद्र शर्मा, इंदु शर्मा, प्रतीक्षा, शुभम बंसल, शिवम, मोनिका गोला, सावित्री, उषा रस्तोगी, गौरव, भोला, राज कुमार, भावना धस्माना, नीरज कटारिया व श्रद्धा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
खाटू श्याम कथा करते कथा वाचक कृष्णा संजय महाराज। (मवाना)