टीपी नगर के कालिंदी कुंज में छात्र को कुत्ते ने काटा
मेरठ। टीपीनगर के कालंदी कुंज में बृहस्पतिवार को आवारा कुत्ते ने 18 वर्षीय छात्र वंदन ग्रोवर को काट लिया। शोर मचाने पर लोगों ने कुत्ते को खदेड़ा। पार्षद राजेंद्र उपाध्याय ने कुछ लोगों के साथ पहुंचकर निगम की टीम को फोन किया। टीम के न पहुंचने पर लोगों ने हंगामा कर दिया।
कालंदी कुंज निवासी निखिल ग्रोवर का बेटा वंदन ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। घर से 100 मीटर दूरी पर ही कुत्ते ने उसका पैर नोंच लिया। वह जमीन पर गिर गया। आसपास के लोगों ने कुत्ते को दौड़ाया और किशोर को एक डॉक्टर के क्लीनिक पर ले जाकर उपचार कराया। लोगों ने बताया कि कॉलोनी में कुत्तों का आतंक है। पार्षद राजेंद्र उपाध्याय ने बताया शुक्रवार को नगर आयुक्त से मिलकर शिकायत की जाएगी। प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाने का काम चल रहा है। कालंदी कुंज में भी टीम भेजकर कुत्तों की नसबंदी कराएंगे।