- भाकियू (अराजनीतिक) के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के आश्वासन पर किया समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ तहसील पहुंचकर धरना दिया। एक सप्ताह में सभी समस्याओं का निस्तारण करने के एसडीएम के आश्वासन पर शाम के समय धरना समाप्त हुआ। इस संबंध में नौ सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को दिया।
जिलाध्यक्ष कालू प्रधान एवं तहसील अध्यक्ष चौधरी नीरज राठी के नेतृत्व में 50 के आसपास ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए दोपहर 12 बजे तहसील परिसर में पहुंचे। यहां नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में आयोजित धरने के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया। उन्होंने गांव सोना के किसान मित्रसैन की भूमि की पैमाइश कराने, गांव दूधली की चकरोड कब्जामुक्त कराने और बहसूमा क्षेत्र में आवारा पशुओं के आतंक से निजात दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई। साथ ही नहर पुल सड़क निर्माण में अनियमितताओं की जांच, तहसील में किसान सम्मान निधि व वृद्धावस्था पेंशन खिड़की नियमित चालू रखने और मोहल्ला तिहाई के मतीन खान के विद्युत प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
धरने में बहसूमा निवासी किसान राजवीर की भूमि को कब्जायुक्त कराने, फलावदा निवासी नजाकत अली की पत्रावली का शीघ्र निस्तारण करने और निजी बिजली कनेक्शन में 3 किलोवाट की बाध्यता समाप्त कर 1 व 2 किलोवाट व्यवस्था पुनः लागू करने की पुरजोर मांग की गई। एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आदेश दिया।
किसानों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर विनोद, शौकिंद्र प्रधान, दिनेश, जयविंदर, कंवरपाल, जितेंद्र त्यागी, कपिल पूनिया, जितेंद्र चौधरी, शेरसिंह, सुरेंद्र, मनजीत धामा और सौरण प्रधान सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।