संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर नंद वाटिका कॉलोनी के पास सोमवार दोपहर गोवंश से बचने के प्रयास में स्कूटी और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार महिला घायल हो गई, जबकि बाइक सवार युवक को भी मामूली चोट आई। एक राहगीर की मदद से घायल महिला को मोदीपुरम स्थित अस्पताल पहुंचाया और उसका उपचार कराया।
पल्लवपुरम फेज-2 निवासी नीलम सोमवार को स्कूटी से सिवाया स्थित एक कॉलोनी में किसी काम से गई थीं। काम निपटाने के बाद वह वापस घर लौट रही थीं। जैसे ही वह दिल्ली-दून हाईवे पर नंद वाटिका कॉलोनी के पास पहुंचीं, अचानक सामने आए गोवंश से बचने के प्रयास में उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और खतौली निवासी सोनू की बाइक से टकरा गई। टक्कर लगने से नीलम सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। वहीं सोनू को भी मामूली चोट आई।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सोनू ने एक राहगीर की मदद से घायल नीलम को मोदीपुरम स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। साथ ही उनकी स्कूटी भी सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दी। उपचार के बाद नीलम की हालत सामान्य बताई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आए दिन गोवंश के कारण वाहन चालकों के सामने अचानक ब्रेक लगाने या दिशा बदलने की स्थिति बनती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि हादसे के संबंध में किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।