मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक कैंची व्यापारी के गोदाम में आग लगा दी गई। इसमें गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। शनिवार को उन्होंने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित सादिक श्यामनगर में कैंची का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले परिचित साकिब और अनीस से काम के लिए रुपये उधार लिए थे। सादिक के अनुसार, वह धीरे-धीरे यह रकम चुका रहे थे लेकिन हाल ही में दोनों ने उनसे जबरन पूरी रकम लौटाने की मांग की और इनकार करने पर धमकाना शुरू कर दिया।
सादिक का आरोप है कि 30 सितंबर की शाम साकिब और अनीस उनके गोदाम में आए। उन्होंने वहां रखे कैमरे और मशीनें तोड़ दीं। फिर गोदाम में आग लगाकर भाग गए। इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने घटना की जानकारी लिसाड़ी गेट पुलिस को दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।