जयपुर से चोरी किए 10 लाख के मोबाइल सहित बदमाश गिरफ्तार
परतापुर । ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने बीते दिनों राजस्थान के जयपुर में स्थित मोबाइल शोरूम में हुई लाखों की चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी के 35 मोबाइल बरामद किए हैं। इनकी कीमत 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया। उसने पूछताछ के दौरान अपना नाम समीर पुत्र रमजानी निवासी खत्ता रोड गणेशपुरी बताया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 35 नए एंड्रॉयड फोन बरामद किए। आरोपी ने बताया कि 24 जुलाई की रात उसने अपने साथी बाबू और इमरान के साथ जयपुर स्थित चंदवाजी इलेक्ट्रॉनिक मोबाइल की दुकान में चोरी की थी। बदमाशों ने 90 मोबाइल फोन और पांच हजार का कैश चुराया था। इनमें समीर के हिस्से में 35 मोबाइल फोन आए थे। वह इन्हें बेचने के लिए मेरठ आया था। आरोपी ने बताया कि चोरी के अन्य फोन बाबू और इमरान के पास हैं। पुलिस बाबू और इमरान की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।