सराफा व्यापारियों को परियोजना की विस्तृत जानकारी देगा मेडा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सराफा व्यापारियों के लिए प्रस्तावित ज्वेलरी पार्क फैक्टरी फ्लैट्टेड कॉम्प्लेक्स को लेकर 17 जून को एक प्रेजेंटेशन आयोजित किया जाएगा। यह प्रेजेंटेशन मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के उपाध्यक्ष एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। परियोजना से संबंधित सभी प्रमुख बिंदुओं की विस्तृत उद्यमियों को जानकारी दी जाएगी।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन एवं मेरठ जेम्स एंड ज्वैलरी फेडरेशन की ओर से जारी सूचना के अनुसार कार्यक्रम बुधवार 17 जून को सुबह 9:30 बजे पीएल शर्मा मैदान के पास आईएमए हॉल में होगा। महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि प्रेजेंटेशन के दौरान ज्वेलरी पार्क की रूपरेखा, आवंटन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाएं, प्रस्तावित दरें और व्यापारियों को मिलने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि व्यापारियों को अपने सुझाव एवं प्रश्न रखने का भी अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट मेरठ के समस्त सराफ व्यापारियों के हितों से जुड़ा है।