सरधना। नगर में सोमवार की रात तहसील तिराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से नगर पालिका की टंकी की पाइप लाइन फट गई। घटना के कारण आधी आबादी में जलापूर्ति ठप हो गई और कई मोहल्लों के लोग पेयजल के लिए तरसते रहे।
नगर पालिका से तहसील रोड और आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई की जाती है। तहसील तिराहे पर नगर पालिका की बगल में नाले की पुलिया के ऊपर से टंकी का पाइप गुजरता है। इसके माध्यम से कई मोहल्लों तक पानी पहुंचता है। टक्कर लगने के कारण यह पाइप फट गया। इससे रातभर पानी की बर्बादी होती रही और लोगों को पेयजल की भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
मंगलवार की सुबह लोग पानी नहीं मिलने की शिकायत लेकर पालिका प्रशासन से संपर्क कर रहे थे। सूचना मिलते ही पालिका की टीम मौके पर पहुंची और पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर तक पानी की आपूर्ति सुचारू हो सकी। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर पालिका ईओ दीपिका शुक्ला ने बताया कि पाइप लाइन फटने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई थी। मरम्मत के बाद जलापूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पाइपलाइन के पास किसी भी वाहन या भारी सामग्री लेकर गुजरने से बचें, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याएं न हों।