सरधना। क्षेत्र के गांव मेहरमति गणेशपुर में लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। बृहस्पतिवार को कुत्तों के झुंड ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों को खदेड़कर युवक की जान बचाई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
मेहरमति गणेशपुर गांव में पिछले कुछ दिनों से लावारिस कुत्ते काफी आक्रामक हो गए हैं और राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। इससे खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गांव निवासी नौशाद पुत्र इरशाद किसी काम से बाजार जा रहा था। रास्ते में अचानक कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से नौशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाते हुए उसे बचाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने घायल नौशाद को सीएचसी में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने प्रशासन से लावारिस कुत्तों के बढ़ते खतरे पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।