मेरठ। टीपीनगर की देवलोक कॉलोनी निवासी गरिमा से दिल्ली सरकार का अफसर बनकर 20 हजार रुपये की ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। गरिमा का अपने पति नवीन आहूजा से दिल्ली साकेत कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। इसी बीच बुलेट सवार दो युवकों ने उनके घर आकर खुद को दिल्ली का फील्ड ऑफिसर बताया। उन्होंने गरिमा को बताया कि वे उनके पति की शिकायत पर जांच करने आए हैं। आरोपियों ने गरिमा के पक्ष में रिपोर्ट लगाने की एवज में 20 हजार रुपये मांगे और पैसे न देने पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। गरिमा के इनकार करने पर आरोपी वहां से भाग गए। एसएसपी के आदेश पर टीपीनगर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दंपती से 7.50 लाख की ठगी, परिवार आर्थिक संकट में
मेरठ। जाकिर कॉलोनी निवासी शौकीन और उनकी पत्नी शबाना परवीन के बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से 7.50 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित दंपती का आरोप है कि पिछले आठ महीनों में जालसाजों ने बिना उनकी जानकारी के अलग-अलग बैंक के खातों से यह रकम उड़ाई है। जिन क्रेडिट कार्ड से पैसे निकाले गए वे कार्ड पीड़ितों को कभी मिले ही नहीं। ठगी और बैंक की भारी पेनल्टी के कारण परिवार आर्थिक संकट में है। साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर में साइबर ठगी के दो मामलों में करीब 6 लाख रुपये पार
मेरठ। शहर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में जालसाजों ने दो लोगों के खातों से करीब छह लाख रुपये उड़ा लिए। पहले मामले में नौगजा शाहपीर निवासी सुवेब अहमद खान के दो बैंक खातों से 2 से 7 मई के बीच बिना कोई ओटीपी शेयर किए 5.25 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है। वहीं दूसरे मामले में शिवशंकर पुरी निवासी विपिन मित्तल को 7 मई 2026 को मोबाइल पर एक अपडेट नोटिफिकेशन मिला। उसे अपडेट करते ही उनके खाते से 69,500 रुपये कट गए। इस मामले में ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।