मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने संबंधित राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्त पोषित बीएड कॉलेजों और संस्थानों को बीएड एवं स्पेशल बीएड प्रथम वर्ष सत्र 2025-27 के विद्यार्थियों के पेडागोजी (शिक्षा शास्त्र) विषयों का विवरण ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह प्रक्रिया बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए लागू होगी।
विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया कि कला, विज्ञान, वाणिज्य और कृषि वर्ग के विद्यार्थियों के वैकल्पिक विषयों का चयन समर्थ पोर्टल पर कॉलेज लॉगिन आईडी के माध्यम से प्राचार्य की ओर से कराया जाएगा। ऑनलाइन विषय भरने की प्रक्रिया आठ मई से शुरू हो चुकी है। अंतिम तिथि 10 मई निर्धारित की गई है। इसके अलावा संबंधित डाटा की हार्डकॉपी और पैन ड्राइव डीएसडब्ल्यू कार्यालय स्थित समर्थ पोर्टल कार्यालय में 11 मई तक जमा करनी होगी।
विवि ने स्पष्ट किया कि विषय गलत भरने या विवरण अपलोड न करने की स्थिति में संबंधित विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म नहीं भर सकेगा। पोर्टल लॉक होने के बाद संशोधन का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। ऐसे में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कॉलेज प्रशासन की होगी। तकनीकी समस्या आने पर विश्वविद्यालय ने हेल्पलाइन नंबर 7579685846 और ईमेल आईडी जारी कर सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।