शुक्रवार सुबह तिलकराम अपने भतीजे व दो अन्यों के साथ शादी के काम से ई-रिक्शा से हाईवे पर आया था। सामान खरीदने के बाद सभी लोग हाईवे के किनारे पर खड़े थे। आरोप है कि इसी बीच दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार वैगनार कार ने ई-रिक्शा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ई-रिक्शा कई फुट हवा में उछल गया। जिससे ई-रिक्शा में बैठे चारों लोग सड़क पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर इकठ्ठा हो गई।
वहीं कार सवार लोगों ने घायलों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने आरोपियों की कार को कब्जे में ले लिया। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां तिलकराम ने दम तोड़ दिया।
वहीं मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर मिल गई है। कार कब्जे में है। तहरीर पर अग्रिम कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बेटी ले रही थी फेरे, पिता ने तोड़ा दम
परिजनों ने घायल तिलकराम को अस्पताल में भर्ती करा दिया था। अस्पताल में भर्ती होने के लगभग दो घंटे बाद तिलकराम ने दम तोड़ दिया। वहीं रिश्तेदारों ने बेटी व परिजनों को बताया कि तिलकराम का उपचार चल रहा है। बेटी काजल पति संग फेरे लेती रही थी। बरात विदा होने के बाद रिश्तेदारों ने परिजनों को बताया कि तिलकराम की मौत हो गई है। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। आस पड़ोस के लोगों ने किसी तरह परिजनों को संभाला। वहीं बेटी काजल व अन्य बहनों का रोकर बुरा हाल हो गया। पड़ोसियों की भी आंखें नम हो गईं।