रोहटा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के किनौनी गांव के जंगल में सोमवार सुबह गन्ने की छिलाई करने गए एक मजदूर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। शव पोस्टमार्टम के भेजने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान परिजनों ने पुलिस से हाथापाई कर दी। पुलिस ने परिजनों से शव जबरन छीन कर मोर्चरी भेजा। थाने के सामने सड़क जाम कर धरने पर बैठे परिजनों को पुलिस ने समझा-बुझाकर किसी तरह शांत किया।
जानकारी के अनुसार गांव किनौनी निवासी राजू (55 वर्ष) ठेके पर गन्ना की छिलाई करता है। राजू ने गांव के राम सिंह गुर्जर का गन्ना छीलने का ठेका लिया हुआ है। मंगलवार सुबह छह बजे घर से खेत पर गन्ना छीलने के लिए गया था। अज्ञात हमलावरों ने राजू की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। करीब आठ बजे किसान राम सिंह का पुत्र पवन खेत में पहुंचा तो वह राजू का खून से लथपथ शव देखकर दंग रह गया और इसकी सूचना मृतक के परिजनों को देते हुए थाना पुलिस को दी।
थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेजने लगी। इस दौरान परिजनों और महिलाओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की मांग पर अड़ गए। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन एसएसपी को बुलाने की मांग करने अड़ गए। हंगामे के बीच पुलिस ने शव को जबरन एक टाटा पिकअप गाड़ी में रख लिया। मोर्चरी लेकर जाने लगी तो परिजन भी पिकअप गाड़ी में सवार हो लिए। पूठ गंग नहर के पुल पर थाना पुलिस कंकरखेड़ा होते हुए शव को मेडिकल ले जाने लगी, लेकिन परिजन शव को थाने में ले जाने की बात पर अड़ गए।
पुलिस और परिजनों में इस बात को लेकर चौधरी चरण सिंह कावड़ मार्ग पर हाथापाई हो गई। परिजन मार्ग से गुजर रहे वाहनों के आगे लेट गए और जमकर हंगामा करने लगे। जब पुलिस को स्थिति बेकाबू होती दिखाई दी। थाना पुलिस ने परिजनों पर बल प्रयोग करते हुए शव मोर्चरी ले गई। उसके बाद गुस्साए मृतक के परिजन महिलाओं के साथ थाना रोहटा पर पहुंचे। और मेरठ बड़ोत मुख्य मार्ग पर थाने के सामने महिलाएं पुरुष सड़क पर जाम लगाकर शव को वापस थाने पर बुलाने की मांग करने लगे। सीओ सरधना भी मौके पर पहुंच गए इसी बीच सपा के युवा जिला अध्यक्ष किशन जाटव भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को बमुश्किल शांत कर जाम खुलवाया। उसके बाद मृतक राजू के पुत्र कपिल ने अज्ञात हमलावरों के द्वारा पिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए रोहटा थाने में तहरीर दे मुकदमा कायम कराया है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
-
राम सिंह और विकास से हुआ था विवाद
राजू के पुत्र कपिल ने आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व उसके पिता के राम सिंह ने मारपीट कर दी थी। इसके अलावा गांव के ही विकास से रुपये के लेनदेन को लेकर उसका विवाद चल रहा था। पुलिस इन बिंदुओं पर जांच कर रही है। राजू ने राम सिंह से गन्ने की छिलाई के लिए 20 हजार रुपये लिए थे। इसके अलावा सुंदर मास्टर से भी 15 हजार रुपये ले रखे थे। राजू सुंदर के यहां गन्ना छीलने जा रहा था। अपने यहां गन्ना छीलने न आने पर राम सिंह और उसके बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि राम सिंह ने उसके साथ मारपीट की थी। राजू का शव सबसे पहले देखने वाले राम सिंह के पुत्र पवन ने मारपीट की बात से इन्कार किया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। विकास के साथ रुपये के लेनदेन के विवाद के बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है।