मेरठ। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन ने भी किसानों के साथ बुधवार को नोएडा कूच करने का एलान किया है। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत की घोषणा के बाद मेरठ के किसानों ने भी नोएडा जाने की तैयारी कर ली है। वह आज काफी संख्या में नोएडा जाएंगे।
भाकियू के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि भाकियू के पश्चिम अध्यक्ष पवन खटाना एवं अन्य नेताओं को गिरफ्तार करने के विरोध में किसानों का एक जत्था आज नोएडा रवाना होगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि निजी वाहनों से भाकियू कार्यकर्ता नोएडा रवाना होंगे। सैकड़ों की संख्या में किसान जीरो प्वाइंट पर भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में होने वाली पंचायत में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान किसान एवं किसान नेताओं को छोड़ने और किसानों की मांग पूरी होने तक आगामी आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में मेरठ के किसान किसान नोएडा पहुंचेंगे। ब्यूरो