मेरठ। देहलीगेट थाना क्षेत्र के अहमद रोड जिला अस्पताल के सामने बुधवार को मोहल्ला बनबटान में मकान के बाहर भाई के साथ सेल्फी ले रही युवती को स्कूटी सवार ने टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के भाई से धक्का-मुक्की और गाली गलौज की। देर रात दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ पीड़ितों के घर पहुंचकर गाली गलौज की।
जानकारी के मुताबिक अहमद रोड जिला अस्पताल के सामने बनबटान में रविंद्र परिवार के साथ रहता है। बुधवार दोपहर रविंद्र के बेटे के साथ उसकी बुआ की बेटी घर के बाहर मोबाइल से सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान मुस्लिम समाज के स्कूटी सवार दो युवकों ने युवती को टक्कर मार दी। आरोप है कि बाइक चला रहे आरोपियों ने जानबूझकर युवती को टक्कर मारी। युवती के भाई ने जब देखकर बाइक चलाने की बात कही तो आरोपियों ने उससे धक्का-मुक्की की। मौके पर आए लोगों ने मामला शांत करा दिया।
लेकिन जब आरोपी बड़ी संख्या में अपने साथियों को लेकर पीड़ित भाई बहन के घर पहुंचे और गाली गलौज करने लगे, तो पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई। भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा और सचिन सिरोही अन्य कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंच गए। भाजपाइयों ने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि अज्ञात आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान व तलाश की जा रही है। संवाद