संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। क्षेत्र में एक छात्रा के साथ अभद्रता और विरोध करने पर उसके भाई के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इसमें छात्रा का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने बताया कि उसकी बेटी महावीर इंस्टीट्यूट में पढ़ाई करती है। उसी कॉलेज का छात्र आए दिन छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करता है और उसे परेशान करता है। पीड़ित के अनुसार बुधवार दोपहर छात्रा कालंद चुंगी पर पहुंची, जहां आरोपी और उसके दो साथियों ने उसे रोककर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर खींचने का प्रयास भी किया। इसी दौरान छात्रा का भाई मौके पर पहुंचा और विरोध किया। तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी भाग गए थे।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि घायल का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।